एवोकैडो तेल के 12 फायदे, उपयोग और नुकसान – Avocado Oil Benefits, Uses and Side Effects in Hindi

भोजन में कई प्रकार के तेलों का उपयोग किया जाता है, लेकिन क्या आपने एवोकैडो के तेल का नाम सुना है? संभव है कि कम लोग ही एवोकैडो फल से निकले इस तेल का इस्तेमाल करते होंगे, लेकिन एवोकैडो तेल के गुण सेहत के लिए कई प्रकार से लाभदायक हैं। इस तेल को त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद माना गया है। एवोकैडो तेल हमें स्वस्थ रखने में मदद करता है और अगर कोई बीमार है, तो बीमारी के लक्षणों को कुछ कम कर सकता है। वहीं, अगर कोई गंभीर रूप से बीमार है, तो ऐसे में डॉक्टरी सलाह जरूरी है। स्टाइलक्रेज के इस आर्टिकल में हम एवोकैडो तेल के फायदे व उपयोग के साथ ही एवोकैडो तेल के नुकसान के बारे में भी विस्तार से बताएंगे।

सबसे पहले हम एवोकैडो तेल के फायदे के बारे में विस्तार से जानेंगे।

एवोकैडो तेल के फायदे – Benefits of Avocado Oil in Hindi

एवोकैडो तेल के फायदे की बात करें, तो यह तेल स्वास्थ्य के नजरिए से महत्वपूर्ण हो सकता है। अगर इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्वों की बात करें, तो यह तेल विटामिन-ई, विटामिन-ए, विटामिन-बी1, विटामिन-बी2, विटामिन-डी और बीटा कैरोटीन से समृद्ध होता है। साथ ही यह तेल एंटीऑक्सीडेंट, एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीहाइपरटेंसिव गुण से भरपूर होता है। इस तेल में पाए जाने वाले ये पोषक तत्व और गुण हृदय रोग और मधुमेह जैसी कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ ही त्वचा और बालों की परेशानी को दूर करने में भी फायदेमंद साबित हो सकते हैं (1) (2)। इसके अलावा, आप आर्टिकल के अगले भाग में इस तेल के स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख फायदों के बारे में पढ़ेंगे।

यहां हम आपको एवोकैडो तेल के स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख फायदों के बारे में बता रहे हैं।

सेहत/स्वास्थ्य के लिए एवोकैडो तेल के फायदे – Health Benefits of Avocado Oil in Hindi

एवोकैडो तेल के फायदे के बारे में हम यहां विस्तार से बता रहे हैं।

1. कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए

बढ़ता हुआ काेलेस्ट्राॅल कई प्रकार की बीमारियों की समस्याओं का कारण बन सकता है। एवोकैडो तेल बढ़ते हुए कोलेस्ट्रॉल की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है। यह तेल मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड के साथ ही एंटीऑक्सीडेंट गुणों से समृद्ध होता है। इसमें पाए जाने वाले ये गुण हानिकारक कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल को कम करने के साथ ही लाभदायक कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल को बढ़ाने के लिए कारगर साबित हो सकते हैं। वहीं, इन गुणों की मौजूदगी के साथ ही यह सीधे तौर पर हाइपोकोलेस्ट्रोलेमिक प्रभाव (कोलेस्ट्रोल को कम करने वाला प्रभाव) भी प्रदर्शित करता है। इस कारण यह कहा जा सकता है कि बढ़े हुए कोलेस्ट्रोल को नियंत्रित करने में एवोकैडो तेल लाभदायक साबित हो सकता है (3)।

2. स्वस्थ हृदय के लिए 

हृदय रक्त को फिल्टर करने के साथ ही पूरे शरीर में रक्त को पहुंचाने का काम भी करता है। इसलिए, हृदय का स्वस्थ रहना जरूरी है। स्वस्थ हृदय के लिए एवोकैडो तेल का उपयोग फायदेमंद हो सकता है। एवोकैडा तेल में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाया जाता है, जो कोलेस्ट्रोल को नियंत्रित करने का काम करता है। कोलेस्ट्रोल का स्तर सामान्य रहने से ह्रदय सही प्रकार से कार्य करता है (3)। वहीं, अगर किसी को ह्रदय संबंधी कोई समस्या है, तो उसे डॉक्टरी सलाह जरूर लेनी चाहिए।

3. आंखों के लिए फायदेमंद

आंखों की विभिन्न समस्याओं से बचे रहने में एवोकैडो तेल फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, इस तेल में ल्यूटिन (Lutein) नामक यौगिक होता है। इसमें पाया जाने वाला यह यौगिक आंखाें में होने वाली कई परेशानियों जैसे :- मोतियाबिंद और उम्र के साथ होने वाली आंखों की कई समस्याओं से बचाए रखने में मदद कर सकता है (4)।

4. पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद करता है 

जब भी कोई पोषक तत्व भोजन के रूप में ग्रहण किया जाता है, तो वो सभी पोषक तत्व पाचन तंत्र में जाकर मोलीक्यूल्स के रूप में विभाजित हो जाते हैं और फिर उन्हें रक्त के द्वारा अवशोषित कर लिया जाता है। एवोकैडो के तेल में मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड पाया जाता है, जो इस प्रक्रिया में मदद करता है और पोषक तत्वों के अवशोषण में सकारात्मक प्रभाव प्रदर्शित कर सकता है (5)।

5. गठिया रोग में फायदेमंद

पुराने गठिया रोग का दर्द अक्सर परेशानी का कारण बन जाता है। गठिया रोग और इससे होने वाली समस्या में एवोकैडो का तेल कारगर हो सकता है। इसमें ऐनबालिक (anabolic) और एंटी-केटाबोलिक (anti-catabolic) गुणों के साथ-साथ एंटीइंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। एवोकैडो के तेल में पाए जाने वाले ये गुण पुराने गठिया रोग में सुधार करते हुए दर्द और इसके प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं (6)।

6. मसूढ़े की समस्या को दूर करने में 

स्वस्थ मसूढ़े और मजबूत दांत हर किसी को पंसद होते हैं, लेकिन मसूढ़ों और दांतों की समस्या कई बार परेशान कर सकती है। दांतों और मसूढ़ों के साथ ही मुंह की कई समस्याओं को दूर करने के लिए एवोकैडो तेल कारगर साबित हो सकता है। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट और इम्यूनोरेग्यूलेटरी (immunoregulatory) गुण प्लाक, मसूढ़ों की सूजन और मुंह की दुर्गंध को दूर करने के लिए कारगर साबित हो सकते हैं (7)।

7. फ्री-रेडिकल्स को बेअसर करता है 

ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस के कारण फ्री रेडिकल्स का निर्माण होता है। ये सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। एवोकैडो का तेल फ्री रेडिकल्स के प्रभाव को कम करने में मदद कर सकता है। दरअसल, इसमें पाए जाने वाले पॉलीफेनोल्स में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो ऑक्सीडेटिव स्ट्रसे को कम करने में मदद करने के साथ ही फ्री रेडिकल्स के प्रभाव को रोकने में फायदेमंद हो सकते हैं (8)।

सेहत के लिए एवोकैडो तेल के फायदे को जानने के बाद त्वचा के लिए इसके फायदों के संबंध में चर्चा करते हैं। 

त्वचा के लिए एवोकैडो तेल के फायदे – Skin Benefits of Avocado Oil in Hindi  

एवोकैडो तेल का उपयोग सेहत के साथ ही त्वचा के लिए भी किया जाता है और यहां हम आपको त्वचा के लिए एवोकैडो तेल के फायदे के बारे में बता रहे हैं।

1. सूखी और बेजान त्वचा के लिए 

धूप और प्रदूषण के प्रभाव की वजह से अक्सर त्वचा बेजान और रूखी-सूखी हो जाती है। इसको दूर करने के लिए एवोकैडो तेल का उपयोग फायदेमंद हो सकता है। एवोकैडो के तेल में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण के अलावा बीटा-सिटोस्टेरोल और बीटा-कैरोटीन जैसे रासायनिक यौगिकों के साथ कई खनिज और विटामिन पाए जाते हैं, जो बेजान और सूखी त्वचा के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं (9)। 

सामग्री :
  • 4 – 5 एवोकैडो तेल की बूंदें
  • एक चम्मच दूध की मलाई
कैसे करें उपयोग :
  • मलाई में एवोकैडो तेल को मिलाएं।
  • इस मिश्रण को आप फेस मास्क के रूप में चेहरे पर लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें।
  • पांच से दस मिनट के बाद इसे धो दीजिए। 

2. त्वचा के घाव भरने के लिए 

त्वचा पर होने वाले घाव की समस्या में भी एवोकैडो का तेल फायदेमंद हो सकता है। एवोकैडो तेल लिनोलेनिक एसिड और ओलिक एसिड के साथ ही एंटीइंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। इसमें पाए जाने वाले ये पोषक तत्व और गुण त्वचा के घावों और सूजन को दूर करने में फायदेमंद हो सकते हैं (10)।

सामग्री :
  • 1 चम्मच एवोकैडो तेल
  • कॉटन बॉल
कैसे करें उपयोग : 
  • एवोकैडो के तेल में काॅटन को डुबोएं।
  • इस कॉटन को प्रभावित क्षेत्र पर लगाएं। 

3. त्वचा को हाइड्रेट और मॉइस्चराइज करने के लिए

त्वचा को हाइड्रेट और मॉइस्चराइज करने के लिए एवोकैडो का तेल मदद कर सकता है। दरअसल, इसमें विटामिन-डी, प्रोटीन, लेसिथिन और फैटी एसिड जैसे तत्व पाए जाते हैं (11)। इसमें पाया जाने वाला विटामिन-डी त्वचा को मॉइस्चराइज करने के साथ ही त्वचा की रक्षा कर सकता है (12)।

सामग्री :
  • 2 या 3 बूंद एवोकैडो तेल
  • त्वचा पर लगाने वाला लोशन
कैसे करें उपयोग : 
  • एवोकैडो तेल को लोशन में मिलाएं।
  • इसे अपने चेहरे पर हल्के हाथों से लगा लें।

सेहत और त्वचा के बाद हम यहां बालों के लिए एवोकैडो तेल के फायदे बता रहे हैं। 

बालों के लिए एवोकैडो तेल के फायदे – Hair Benefits of Avocado Oil in Hindi 

त्वचा और सेहत के अलावा एवोकैडा का तेल बालों के लिए कैसे फायदेमंद हो सकता है, हम यहां बता रहे हैं।

1. बालों के विकास के लिए 

रूखे, कमजोर और बेजान बाल किसी को भी पसंद नहीं होते। बालों के विकास और उनको मजबूत बनाने के लिए एवोकैडो का उपयोग कारगर हो सकता है। यह विटामिन-ए और विटामिन-बी का अच्छा स्रोत होता है, जो बालों की मजबूती और विकास के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं (1) (12)।

सामग्री :
  • 1 चम्मच एवोकैडो का तेल
  • 1 चम्मच नारियल का तेल
कैसे करें उपयोग :
  • एवोकैडो तेल और नारियल के तेल को मिला लें।
  • नहाने से पहले इस तेल के मिश्रण से बालों की अच्छी तरह से मालिश करें।
  • मालिश के 30 मिनट के बाद नहा लें। 

2. बालों को झड़ने से रोके 

एवोकैडो तेल के उपयोग से बालों को झड़ने से भी रोका जा सकता है। जैसा कि ऊपर पढ़ चुके हैं कि एवोकैडो के तेल में विटामिन-ई, विटामिन-ए, विटामिन-बी, विटामिन-डी और बीटा कैरोटीन अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं (1)। एवोकैडो के तेल में पाए जाने वाले ये पोषक तत्व बालों के सम्पूर्ण पोषण के साथ ही बालों को झड़ने से रोकने में मदद कर सकते हैं (12)।

सामग्री :
  • 3-4 बूंद एवोकैडो का तेल
  • नारियल का तेल
कैसे करें उपयोग :
  • एवोकैडो के तेल को नारियल के तेल में मिला लीजिए।
  • इस मिश्रण से अपने बालों की अच्छी तरह से मसाज कर लें।

एवोकैडो तेल के फायदे के बाद यहां हम आगे एवोकैडो तेल के पौष्टिक तत्वों के बारे में बता रहे हैं।

एवोकैडो तेल के पौष्टिक तत्व – Avocado Oil Nutritional Value in Hindi 

यह तेल विटामिन-ई, विटामिन-ए, विटामिन-बी1, विटामिन-बी2, विटामिन-डी और बीटा कैरोटीन से जैसे कई पोषक तत्वाें से समृद्ध होता है (1)। इस तेल में इसके अलावा भी कई पौष्टिक तत्व होते हैं, जिनके बारे में नीचे टेबल में बताया गया है (13):

पोषक तत्व मात्रा प्रति 100 ग्राम
ऊर्जा 867 किलो जूल
कुल लिपिड (वसा) 93.33 ग्राम
फैटी एसिड, कुल सैचुरेटेड 13.33 ग्राम
फैटी एसिड, कुल मोनोअनसैचुरेटेड 60 ग्राम
फैटी एसिड, कुल पॉलीअनसेचुरेटेड 16.67 ग्राम

पोषक तत्वाें के बाद यहां हम आपको एवोकैडो तेल का उपयोग के बारे में बता रहे हैं।

एवोकैडो तेल का उपयोग – How to Use Avocado Oil in Hindi

एवोकैडो तेल के उपयोग कई प्रकार से हैं। यहां पर हम आपको इसके कुछ खास तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जो इस प्रकार हैं।

  • आप एवोकैडो तेल से पकवान और मिष्ठान बना सकते हैं।
  • एवोकैडो का तेल अचार और चटनी बनाने में भी उपयोग कर सकते हैं।
  • सलाद में आप इसका उपयोग ड्रेसिंग के साथ स्वाद बढ़ाने के लिए कर सकते हैं।
  • एवोकैडो के तेल का उपयोग आप स्वादिष्ट मेयोनेज बनाने के लिए भी कर सकते हैं।
  • टोस्ट जैसी चीजों पर बटर की जगह एवोकैडो तेल को लगाया जा सकता है।
  • इसका उपयोग किसी भी चीज को ग्रिल्ड करने के लिए भी किया जा सकता है।

मात्रा : खाने में एवोकैडो तेल का उपयोग सामान्य रूप से एक-दो चम्मच तक किया जा सकता है। फिर भी अगर आप इसके नियमित सेवन के बारे में सोच रहे हैं, तो इस संबंध में अपने चिकित्सक की सलाह जरूर लें, क्याेंकि अधिक मात्रा में किया गया उपयोग नुकसानदायक साबित हो सकता है।

लेख के अंतिम भाग में यहां हम एवोकैडो तेल के नुकसान के बारे में बता रहे हैं।

एवोकैडो तेल के नुकसान – Side Effects of Avocado Oil in Hindi 

जहां एवोकैडो तेल के गुण कई हैं, तो वहीं कई मामलों में एवोकैडो तेल के नुकसान भी देखे जा सकते हैं। वैसे इसके नुकसानों के बारे में अभी तक शोध नहीं हुआ है। फिर भी यहां हम एवोकैडो तेल के कुछ अनुमानित नुकसान बता रहे हैं।

  • जिन्हें एवोकैडो से एलर्जी हो, उन्हें इसके तेल का उपयोग चिकित्सक की सलाह से करना चाहिए।
  • किसी-किसी की त्वचा अधिक संवेदनशील होती है, हो सकता है उनके लिए एवाेकैडो का तेल त्वचा संबंधी समस्या का कारण बन सकता है।

आपने इस आर्टिकल में स्वाद के साथ ही सेहत के गुणों से भरपूर एवोकैडो तेल के उपयोग के बारे में जाना। आपने जाना कि किस प्रकार एवोकैडो तेल स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करने में आपकी मदद कर सकता है। ध्यान रहे कि यह किसी भी समस्या के प्रभाव को कम करने में मदद तो कर सकता है, लेकिन यह बताई गई समस्याओं का पूर्ण उपचार नहीं है। इसलिए, पूर्ण इलाज के लिए चिकित्सक से परामर्श करना एक बेहतर विकल्प होगा। फिर भी आप डॉक्टरी इलाज के प्रभाव को बढ़ाने के लिए एवोकैडो तेल को उपयोग में ला सकते हैं। अगर आपको भी इस तेल का उपयोग करने का मन है, तो आप अपने डॉक्टर की सलाह से इसे अपनी डाइट में शामिल कर इसके फायदों का लाभ ले सकते हैं। यह तेल आपके लिए किस प्रकार फायदेमंद रहा, नीचे दिए कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

संबंधित आलेख

The post एवोकैडो तेल के 12 फायदे, उपयोग और नुकसान – Avocado Oil Benefits, Uses and Side Effects in Hindi appeared first on STYLECRAZE.



from STYLECRAZE https://ift.tt/34yKlxQ
via stylecraze

Comments

Post a Comment